अन्य खबर

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संकल्प से भाजपा का लक्ष्य हो रहा है सिद्ध

भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर यह कहना बहुत ही आवश्यक है कि विश्व में सर्वाधिक जन समर्थन प्राप्त होने के पीछे और देश के हर शहर से लेकर हर गाँव तक, गाँव के हर बूथ से लेकर घर-घर तक भाजपा को पहुचाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के पास नीति, नियति, निश्चयशक्ति, और निर्णयशक्ति भी है। दो ध्रुवों में बंटी दुनिया के सामने भारत ऐसी शक्ति के रूप में स्थापित हुआ है जो मानवता की बात दृढता से कह सकता है, पूरी दुनिया के सामने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपने हितों के लिए अडिग है साथ ही अन्य विश्वशक्तियों के मध्य भी शांतिबहाली और मानव कल्याण से जुडी बातों पर भारत का पक्ष प्रमुखता से सुना जाता है।
ऐसे भारत के निर्माण के लिए प्रतिज्ञाबद्ध होना जो, सुदृढ़, समृद्ध, और स्वावलंबी राष्ट्र हो, जिसका दृष्टिकोण आधुनिक, प्रगतिशील और प्रबुद्ध हो, जो अपनी प्राचीन भारतीय संस्कृति एवं मूल्यों से प्रेरणा ग्रहण करता हो तथा ऐसी महान विश्व शक्ति के रूप में उभरने में समर्थ हो जो विश्व शांति तथा न्याययुक्त अन्तराष्ट्रीय व्यवस्था को स्थापित करने के लिए विश्व में अपनी प्रभावशाली भूमिका का निर्वहन कर सके तथा राष्ट्र प्रथम, अन्त्योदय, सुशासन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, विकास और सुरक्षा के पुण्य उद्देश्य को अपना ध्येय निर्धारित कर 1980 में 06 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी अस्तित्व में आई।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर भारत इस वर्ष अपनी स्वाधीनता की 75वीं वर्षगांठ ‘आज़ादी का अमृतमहोत्सव’ के रूप में मना रहा है, स्वाधीनता के 75 वर्ष बाद भारतीय जनता पार्टी के वर्तमान स्वरुप की स्थापना को 42 वर्ष पूरे हो रहे है, इन 42 वर्षो में हम यहाँ तक पहुचें है कि जिस भारत के निर्माण की प्रतिज्ञा कर भारतीय जनता पार्टी की स्थापना की गयी थी राष्ट्रनिर्माण का वह स्वप्न पूर्ण होता प्रतीत हो रहा है।
जगत प्रकाश नड्डा की कुशल अध्यक्षता में आज 18 करोड़ से अधिक कार्यकर्ताओं वाली भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक शक्ति है, विश्व में सर्वाधिक जन समर्थन प्राप्त राजनैतिक दल होने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अन्तराष्ट्रीय स्तर पर तमाम संस्थाओं ने विश्व का सबसे लोकप्रिय जन नेता माना है, भारत में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार होने के साथ ही देश के 18 राज्यों में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से सत्ता में है।
प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी के प्रभावशाली नेतृत्व में देश ने लगभग सभी क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित किये है, सन 2014 से पहले भ्रष्टाचार के दलदल में फंसी कांग्रेसनीत सरकार के कार्यकाल में देश में घनघोर निराशा व्याप्त हो गयी थी, जबकि आज देश के बदलने और तेजी से आगे बढ़ने पर देश के एक एक व्यक्ति को गर्व है। इस कोरोना काल में भी देश ने 400 बिलियन डॉलर निर्यात का लक्ष्य पूरा किया है, भारत ने कोरोना से जिस तरह लड़ाई लड़ी, देश में 180 करोड़ से अधिक वैक्सीन डोज देने का काम हो या 80 करोड़ गरीबों को निःशुल्क राशन वितरण हो इन महान कार्यों की सफलता पर पूरा विश्व अचंभित है। राष्ट्रवादी विचारधारा पर चलते हुए जिस तरह प्रधानमंत्री और गृहमंत्री अमित शाह ने धारा 370 हटाई, देश की मुस्लिम महिलाओं का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए तीन तलाक़ प्रतिबंधित किया या आराध्य भगवान् राम की जन्मभूमि पर पवित्र राम मंदिर के निर्माण में सारी अड़चने दूर करने का काम हो, संकल्प से सिद्धि तक का मंत्र नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार फलीभूत हो रहा है। आज देश का विपक्ष प्रधानमंत्री मोदी के राजनैतिक नेतृत्व के सामने स्वयं को असहाय मान रहा है।
उत्तर प्रदेश की जनता ने भी इतिहास रचते हुए योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व को प्रचंड बहुतमत के रूप में पुनः आशीर्वाद प्रदान किया है, 37 वर्ष बाद उत्तर प्रदेश में जनता ने किसी सरकार को दोबारा बहुमत प्रदान किया जो सुशासन और सुरक्षा के योगी आदित्यनाथ मॉडल पर मुहर होने के साथ परिवारवाद, जातिवाद, भ्रष्टाचार, अपराध को संरक्षण देने वाले राजनैतिक दलों के मुह पर करारा तमाचा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास की नयी बुलंदियों को छुआ, चाहे वह शिक्षा के क्षेत्र में नए राज्य विश्वविद्यालय या महाविद्यालयों का निर्माण हो या ‘मिशन शक्ति’ अभियान के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान या स्वावलंबी बनाने की प्रक्रिया हो, या प्रदेश के 15 करोड़ गरीब जनता को कोरोना काल से लगातार निःशुल्क राशन वितरण हो, या कोरोना काल में उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनायें जिसकी प्रशंसा विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी की, प्रदेश को अपराध और दंगा मुक्त बनाने के कार्यों के साथ, योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व कार्य हुए जिनपर प्रदेश की जनता ने भी मुहर लगाई।
भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य केवल सत्ता प्राप्ति नही है तभी आज भारतीय जनता पार्टी के सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, एकात्म मानववाद, और पंचनिष्ठा की सम्यक विचारधारा के सामने अधिकांश राजनैतिक दल विचारधारा को लेकर शून्यता का शिकार है, भारत के आर्थिक और सामजिक भविष्य को सुरक्षित रखने के साथ तीव्र विकास में बाधक बढती जनसँख्या पर प्रभावी नियंत्रण, देश में समानता स्थापित करने हेतु सभी के लिए समान न्यायप्रावधान के साथ प्रगति के हर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने के लक्ष्य के साथ भारतीय जनता पार्टी भारत को विश्व मे उचित स्थान दिलाने के लिए कृतसंकल्पित है, विश्व को सत्य और अहिंसा के मार्ग पर ले जाने हेतु भारत की भूमिका पथप्रदर्शक के रूप में तैयार करने का भागीरथ प्रयास भाजपा द्वारा सतत चलता रहेगा।

उक्त विचार प्रवर्तन निदेशालय के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी और वर्तमान में लखनऊ से भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह ने व्यक्त किए हैं।

Yuva Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button